मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा दावा करते हुए स्थिति को और गंभीर बना दिया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के ऊपर गश्त के दौरान ईरान ने अमेरिकी एडवांस्ड अपाचे हेलिकॉप्टर को मार गिराया।
हालांकि ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि हेलिकॉप्टर में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई है। इसके बावजूद उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका इस हमले का जवाब जरूर देगा। उनके इस बयान के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पहले भी शांति की अपील कर चुके हैं ट्रंप
एक दिन पहले ही ट्रंप ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से ईरान द्वारा किए गए मिसाइल हमलों का जवाब न देने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि इससे चल रही शांति वार्ता प्रभावित हो सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान द्वारा इजराइल पर मिसाइल हमले के बाद ट्रंप ने दोनों पक्षों से संयम बरतने और बातचीत की मेज पर लौटने की सलाह दी थी।
इजराइल-ईरान तनाव पर ट्रंप का बयान
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका एक समझौते के करीब पहुंच चुका है और उम्मीद है कि जल्द ही यह अंतिम रूप लेगा। उन्होंने ईरान से मिसाइल हमले रोककर बातचीत की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की अपील की। साथ ही कहा कि अब तक किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है और इजराइल को भी जवाबी कार्रवाई से बचना चाहिए, क्योंकि इससे तनाव और बढ़ सकता है।
शांति प्रयासों पर असर की चेतावनी
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच होने वाला कोई भी समझौता इजराइल को स्वीकार करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि बढ़ते तनाव से शांति वार्ता पूरी तरह प्रभावित हो सकती है।