डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान पर मंगलवार को प्रस्तावित अमेरिकी हमला फिलहाल टाल दिया गया है। ट्रम्प के मुताबिक कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के नेताओं ने बातचीत के लिए कुछ और समय देने का अनुरोध किया था। इसके बाद अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई कुछ दिनों के लिए रोक दी।
ट्रम्प ने दी कड़ी चेतावनी
ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया मंच Truth Social पर कहा कि गंभीर वार्ता जारी है और ऐसा समझौता हो सकता है जिसे अमेरिका और पश्चिम एशिया के देश स्वीकार करें। हालांकि उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि बातचीत असफल रही तो अमेरिकी सेना किसी भी समय बड़े पैमाने पर हमला कर सकती है। ट्रम्प ने यह भी दोहराया कि समझौते की सबसे अहम शर्त यह होगी कि ईरान परमाणु हथियार नहीं रखेगा।
रक्षा अधिकारियों को रोकने के निर्देश
ट्रम्प ने बताया कि उन्होंने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और सेना अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मंगलवार की प्रस्तावित कार्रवाई स्थगित कर दी जाए। लेकिन सैन्य तैयारी पूरी तरह जारी रहेगी।
मध्य पूर्व में बढ़ा तनाव
अमेरिका और इजराइल की संभावित कार्रवाई की खबरों के बीच क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार जर्मनी स्थित अमेरिकी ठिकानों से सैन्य सामग्री लेकर कई कार्गो विमान इजराइल पहुंचे हैं। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और ट्रम्प के बीच भी सैन्य रणनीति पर बातचीत हुई है।
होर्मुज में जहाज फंसे
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में संकट गहराने लगा है। समुद्री नाकेबंदी और तनाव के कारण करीब 1500 कारोबारी जहाज फंसे हुए हैं। इन पर 20 हजार से ज्यादा नाविक मौजूद बताए जा रहे हैं। विशेषज्ञों ने मिसाइल और ड्रोन हमलों का खतरा जताया है।
सऊदी पर ड्रोन हमला
सऊदी अरब ने दावा किया है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने इराक दिशा से आए तीन ड्रोन मार गिराए। कुवैत और कतर ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।
ऑस्ट्रेलिया ने खरीदा इमरजेंसी जेट फ्यूल
बढ़ते ईंधन संकट के बीच ऑस्ट्रेलिया ने 6 लाख बैरल से अधिक इमरजेंसी जेट फ्यूल खरीदा है। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि यह कदम ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने के लिए उठाया गया है। साथ ही ब्रुनेई से यूरिया खाद की अतिरिक्त आपूर्ति भी सुनिश्चित की गई है।