अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा ढांचे पर होने वाले संभावित हमलों को फिलहाल टाल दिया है। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दो दिनों से जारी बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि रक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि पावर प्लांट्स और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर सभी सैन्य कार्रवाई को 5 दिनों के लिए रोक दिया जाए। ट्रम्प ने यह भी कहा कि अगर बातचीत सकारात्मक रहती है, तो मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव को कम करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।
दरअसल, दो दिन पहले ट्रम्प ने ईरान को चेतावनी दी थी कि अगर 48 घंटे के भीतर होर्मुज रूट नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट्स पर बड़ा हमला करेगा।
वहीं, ईरान ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि ट्रम्प के साथ उनकी कोई बातचीत नहीं हुई है। ईरान के विदेश मंत्रालय का कहना है कि ट्रम्प ऐसे बयान ऊर्जा की कीमतों को प्रभावित करने के उद्देश्य से दे रहे हैं।