अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह रणनीतिक समुद्री मार्ग खुला रहेगा और इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी अमेरिका निभाने के लिए तैयार है। ट्रम्प ने खुद को "गार्डियन ऑफ द होर्मुज स्ट्रेट" बताते हुए कहा कि इस सुरक्षा व्यवस्था का खर्च पूरा करने के लिए इस मार्ग से गुजरने वाले प्रत्येक कार्गो पर 20 प्रतिशत टैक्स लगाने का प्रस्ताव है।
होर्मुज में सुरक्षा देंगे, लेकिन पैसे लगेंगे
ट्रम्प ने कहा कि ईरान के जहाजों और ईरान से जुड़े ग्राहकों पर लागू प्रतिबंध जारी रहेंगे। हालांकि, अन्य सभी देशों के व्यापारिक जहाज बिना किसी रुकावट के होर्मुज स्ट्रेट से गुजर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस नई व्यवस्था को लागू करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
ईरान ने अमेरिकी प्रस्ताव को किया खारिज
ट्रम्प के बयान के बाद ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। ईरानी सेना के खातम अल-अनबिया मुख्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में किसी भी प्रकार का अमेरिकी हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा और उसका संचालन ईरान का संप्रभु अधिकार है तथा किसी भी बाहरी दखल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ईरान इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने के लिए तैयार है।