अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के नए शांति प्रस्ताव को सख्ती से खारिज कर दिया है। ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उन्होंने ईरान के प्रतिनिधियों का जवाब पढ़ा है, लेकिन वह उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आया और इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। इससे पहले भी ट्रम्प ईरान पर समय टालने और “खेल खेलने” का आरोप लगा चुके हैं।
पाकिस्तान के जरिए भेजा गया ईरान का प्रस्ताव
तेहरान ने रविवार को पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका को अपना नया प्रस्ताव भेजा था। इस प्रस्ताव में युद्ध समाप्त करने, फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने, प्रतिबंधों में राहत और परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत शामिल थी।
अमेरिका की सख्त शर्तें
अमेरिका ने इस सप्ताह ईरान को 14 सूत्रीय प्रस्ताव भेजा था। इसके तहत ईरान को कम से कम 12 वर्षों तक यूरेनियम संवर्धन रोकना होगा और अपने पास मौजूद लगभग 440 किलोग्राम 60% संवर्धित यूरेनियम अमेरिका को सौंपना होगा। इसके बदले अमेरिका प्रतिबंधों में ढील देने, ईरान की फ्रीज की गई अरबों डॉलर की संपत्तियां जारी करने और कुछ नौसैनिक प्रतिबंध हटाने पर सहमत था।
ईरान का रुख और बढ़ता तनाव
ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम और उच्च संवर्धित यूरेनियम को पूरी तरह छोड़ने के पक्ष में नहीं है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि उनका जवाब सकारात्मक और व्यावहारिक है और अब अगला कदम अमेरिका को उठाना है।फिलहाल दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है और 8 अप्रैल से लागू सीजफायर की स्थिति पर भी कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है।