अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आज रात ईरान की पूरी सभ्यता खत्म करने की धमकी दी है। उन्होंने अपने सोशल प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा।
ट्रम्प ने कहा कि वे नहीं चाहते कि ऐसा हो, लेकिन शायद यही होगा। हालांकि, अब वहां सत्ता में अलग, अधिक समझदार और कम कट्टर लोग हैं। कौन जानता है कि कुछ बहुत शानदार और क्रांतिकारी हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि आज रात दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पल का गवाह बनेगी। 47 सालों के अत्याचार, भ्रष्टाचार और मौत के सिलसिले का अंत होगा। ट्रम्प ने ईश्वर से ईरान के लोगों की रक्षा की कामना भी की।
ईरान का जवाब
ट्रम्प की धमकी के बाद साउथ अफ्रीका स्थित ईरानी दूतावास ने जवाब दिया कि अमेरिका और उसके सहयोगियों को ईरान की प्राचीन सभ्यता से ऐसा जवाब मिलेगा, जिसे वे कभी नहीं भूल पाएंगे।
ईरान में हमले
अमेरिका और इजराइल ने मंगलवार को ईरान में कई ठिकानों पर हमला किया। सबसे बड़ा हमला खार्ग आइलैंड में हुआ, जहां ऑयल टर्मिनल को निशाना बनाया गया। ईरान का लगभग 80-90% कच्चा तेल यहीं से एक्सपोर्ट होता है।
इसके अलावा, कोम और कशान में पुलों पर हमले किए गए। कशान के पास यहयाबाद रेलवे पुल पर हमले में 2 लोगों की मौत और 3 घायल हुए।
चेतावनी और जवाबी कार्रवाई
इससे पहले ट्रम्प ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान ने मंगलवार रात 8 बजे (अमेरिका समयानुसार) तक होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोला, तो अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया जाएगा।
हमलों के बाद ईरान ने UAE के शारजाह में जवाबी कार्रवाई की। ईरान ने पहले ही कहा था कि अब वह चुप नहीं बैठेगा और अमेरिका एवं उसके सहयोगियों के ठिकानों को निशाना बनाएगा।