डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे अमेरिकी नौसेना के तीन युद्धपोतों पर हमला किया गया। हालांकि उन्होंने कहा कि इस हमले में अमेरिकी जहाजों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, जबकि जवाबी कार्रवाई में ईरानी हमलावरों को भारी क्षति हुई है।
ट्रंप का बड़ा बयान
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिकी नौसेना के तीन आधुनिक डेस्ट्रॉयर सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर गए। उन्होंने दावा किया कि जहाजों पर हमला हुआ, लेकिन अमेरिकी सेना ने तुरंत जवाबी कार्रवाई कर हमलावरों को बड़ा नुकसान पहुंचाया।
ईरान को दी सख्त चेतावनी
ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तेहरान जल्द किसी समझौते पर सहमति नहीं देता, तो अमेरिका भविष्य में और कठोर कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका अब भी बातचीत और समझौते के लिए तैयार है, लेकिन ईरान को जल्द फैसला लेना होगा।अमेरिकी सेना के अनुसार, युद्धपोतों पर हमले के बाद जवाबी सैन्य कार्रवाई की गई और संबंधित ठिकानों को निशाना बनाया गया।
संघर्ष विराम के बाद फिर बढ़ा तनाव
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब 8 अप्रैल से लागू संघर्ष विराम के बाद क्षेत्र में हालात कुछ शांत हुए थे। इससे पहले अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर कई हमले किए गए थे।
वहीं ईरान ने आरोप लगाया है कि अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रवेश कर रहे दो जहाजों को निशाना बनाया और ईरानी क्षेत्र में भी हमले किए। ईरानी सेना के संयुक्त कमांड का कहना है कि अमेरिका ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए एक तेल टैंकर और दूसरे जहाज पर हमला किया।
नागरिक इलाकों पर हमले का आरोप
ईरान ने यह भी दावा किया है कि अमेरिकी हमलों में किश्म द्वीप और बंदर खमीर व सीरिक जैसे तटीय इलाकों को निशाना बनाया गया। ईरानी सेना के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से और चाबहार बंदरगाह के दक्षिण में मौजूद अमेरिकी सैन्य जहाजों पर हमला किया।