काठमांडू: नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK-726 के लैंडिंग गियर के टायर में आग लग गई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 278 यात्रियों और 11 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
लैंडिंग के दौरान लगी आग
जानकारी के मुताबिक, इस्तांबुल से काठमांडू पहुंची फ्लाइट TK-726 जैसे ही रनवे पर उतरी, विमान के दाहिने लैंडिंग गियर के टायर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। एयरपोर्ट पर मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
इमरजेंसी दरवाजों से निकाले गए यात्री
घटना के बाद विमान में मौजूद यात्रियों को इमरजेंसी एग्जिट के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी भी सवार थे। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विमान के पहियों से आग और धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यात्रियों के बीच डर और दहशत का माहौल देखा गया।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
यह पहली बार नहीं है जब टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट काठमांडू एयरपोर्ट पर हादसे का शिकार हुई हो। साल 2015 में भी इसी कॉल साइन वाली फ्लाइट TK-726 रनवे से फिसलकर घास वाले हिस्से में चली गई थी। उस घटना के बाद एयरपोर्ट को चार दिनों तक बंद रखना पड़ा था।
जांच में जुटे अधिकारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइन की ओर से आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती आशंका तकनीकी खराबी की जताई जा रही है।