रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच गुरुवार को यूक्रेन ने रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रातभर में 1,000 से अधिक ड्रोन और चार क्रूज मिसाइलों को निशाना बनाकर मार गिराया गया। इनमें से करीब 200 ड्रोन राजधानी मॉस्को की दिशा में बढ़ रहे थे।
इस बड़े हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का कड़ा बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन ने कभी युद्ध नहीं चाहा, लेकिन यदि यूक्रेन को जलाया जाएगा तो रूस भी इसके परिणामों से अछूता नहीं रहेगा। उनके इस बयान को युद्ध के बढ़ते तनाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
रोस्तोव के ऑयल डिपो में भीषण विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत
हमले में रूस के दक्षिणी रोस्तोव क्षेत्र स्थित एक प्रमुख ऑयल डिपो को भारी नुकसान पहुंचा। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि वहां मौजूद एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके के बाद आग ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
वहीं मॉस्को स्थित कपोतन्या ऑयल रिफाइनरी को भी निशाना बनाया गया। हमले के बाद ऑयल टैंक का ऊपरी हिस्सा कई मीटर तक हवा में उछल गया और इलाके में काले धुएं का घना गुबार फैल गया।
शॉपिंग सेंटर में लगी आग, कई इमारतों को कराया गया खाली
रिपोर्ट्स के अनुसार ड्रोन हमले के कारण आसपास के एक शॉपिंग सेंटर में भी आग लग गई। ड्रोन के मलबे गिरने से कई रिहायशी और व्यावसायिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा कारणों से कई ऊंची इमारतों को खाली कराया गया।
हमले के बाद मॉस्को के कई हवाई अड्डों पर एहतियातन उड़ानों का संचालन कुछ समय के लिए रोक दिया गया। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
युद्ध में बढ़ रहा तनाव
यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध में हाल के महीनों में ड्रोन हमलों की संख्या तेजी से बढ़ी है। ताजा हमला अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक माना जा रहा है, जिसने रूस की सुरक्षा व्यवस्था और युद्ध की दिशा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।