अमेरिका ने शनिवार देर रात ईरान के कई अहम सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, न्यूक्लियर सिटी बुशहर के अलावा असालुयेह, बंदर-ए-देयर, जास्क और चाबहार स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। ईरानी मीडिया ने इन क्षेत्रों में हुए विस्फोटों की पुष्टि की है।
न्यूक्लियर सिटी बुशहर को निशाना बनाया
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह सैन्य कार्रवाई होर्मुज स्ट्रेट में साइप्रस के झंडे वाले एक कंटेनर जहाज पर हुए हमले के जवाब में की गई। CENTCOM के मुताबिक, हमले में जहाज में आग लग गई, उसका इंजन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक दल का एक सदस्य अब भी लापता है।
होर्मुज बंद का ऐलान
उधर, ईरान ने अमेरिकी हमले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। विदेश मंत्रालय के सलाहकार ने कहा कि अमेरिका को इस हमले की कीमत चुकानी होगी। साथ ही ईरान ने घोषणा की है कि जब तक अमेरिकी हस्तक्षेप समाप्त नहीं होता, तब तक होर्मुज स्ट्रेट को बंद रखा जाएगा।