अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव अब समाप्त होने की दिशा में है। रविवार को दोनों देशों ने युद्धविराम (सीजफायर) समझौते पर सहमति जताई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि ईरान के साथ समझौता अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। वहीं ईरान ने भी बयान जारी कर बताया कि कई महीनों की कठिन और लंबी बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) को अंतिम रूप दिया गया है।
अमेरिका-ईरान युद्धविराम समझौते पर सहमत
इस समझौते के तहत होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने पर सहमति बनी है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि ईरानी बंदरगाहों पर लगी अमेरिकी नौसैनिक रोक को तुरंत हटाने का आदेश दे दिया गया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, दुनिया के जहाजों, अपने इंजन चालू करो, तेल को बहने दो।
19 जून को जिनेवा में होंगे हस्ताक्षर
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने जानकारी दी है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर 19 जून को स्विट्जरलैंड के जिनेवा में हस्ताक्षर किए जाएंगे। यदि यह समझौता होता है तो यह पिछले 47 वर्षों में दोनों देशों के बीच सबसे उच्चस्तरीय बैठक मानी जाएगी। हालांकि, अभी तक समझौते का आधिकारिक दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया गया है।