अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने घोषणा की है कि अमेरिकी नौसेना अब होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की जांच और संभावित नाकाबंदी करेगी।ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर कहा कि जो भी जहाज इस मार्ग से गुजरेंगे और ईरान को “टोल” देंगे, उन्हें रोका जाएगा और जांच के बाद ही आगे बढ़ने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे जहाजों को सुरक्षित मार्ग नहीं मिलेगा और इसका उद्देश्य ईरान की आर्थिक क्षमता को कमजोर करना है।
ईरान बोला- टोल देना ही पड़ेगा
वहीं ईरान ने स्पष्ट किया है कि होर्मुज स्ट्रेट उसके नियंत्रण में है और यहां से गुजरने वाले जहाजों को ईरानी मुद्रा रियाल में टोल देना ही होगा। इसे तेहरान ने अपनी “रेड लाइन” बताया है।
इस बीच क्षेत्रीय तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच हुई 21 घंटे की शांति वार्ता भी बेनतीजा रही। बातचीत में होर्मुज स्ट्रेट और ईरान के परमाणु कार्यक्रम जैसे मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए पूरी पारदर्शिता जरूरी है।
नेतन्याहू बोले- अभियान अभी खत्म नहीं
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कहा है कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है, क्योंकि ईरान परमाणु हथियारों के करीब पहुंच रहा है।