अमेरिका के ट्रम्प प्रशासन ने ईरानी तेल की खरीद पर 30 दिन की अस्थायी छूट की घोषणा की है। यह छूट केवल समुद्र में मौजूद ईरानी तेल के टैंकरों के लिए लागू होगी। अमेरिकी ट्रेजरी मिनिस्टर स्कॉट बेसेंट ने बताया कि यह छूट 20 मार्च से 19 अप्रैल तक रहेगी।
इस निर्णय का उद्देश्य ग्लोबल मार्केट में तेल की सप्लाई बढ़ाकर कीमतों को नियंत्रित करना है। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण क्रूड तेल की कीमतें 110 डॉलर के पार पहुंच गई हैं, जबकि 28 फरवरी से पहले यह लगभग 70 डॉलर के आसपास थी।
स्कॉट बेसेंट ने कहा कि इस मौजूदा सप्लाई को अस्थायी रूप से खोलने से ग्लोबल मार्केट में लगभग 14 करोड़ बैरल तेल तेजी से उपलब्ध होगा। इससे वैश्विक ऊर्जा की उपलब्धता बढ़ेगी और सप्लाई पर बने अस्थायी दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।
रूसी तेल की खरीद पर दूसरी बार छूट
ट्रम्प प्रशासन ने गुरुवार को नया 'जनरल लाइसेंस' जारी किया है, जिसके तहत उन रूसी टैंकरों से तेल बेचने की अनुमति दी गई है जो 12 मार्च तक लोड हो चुके थे। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के अनुसार, यह छूट 11 अप्रैल 2026 तक लागू रहेगी।
नए लाइसेंस से 12 मार्च को जारी पिछले 30 दिनों के 'सेंक्शंस वेवर' की जगह ली गई है। पुराने लाइसेंस में कुछ तकनीकी अस्पष्टताएं थीं। नए लाइसेंस में उत्तर कोरिया, क्यूबा और क्रीमिया को इस छूट से बाहर रखा गया है।
Comments (0)