इज़राइल की वायु सेना का दावा है कि उसने अमेरिका के साथ संयुक्त अभियान में बीते 24 घंटों के दौरान ईरान पर 1,200 से अधिक बम गिराए। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत होने की खबर है।
शनिवार को उनके कार्यालय परिसर पर 30 मिसाइलों से हमला किया गया। बताया जा रहा है कि उस समय खामेनेई वरिष्ठ कमांडरों के साथ बैठक कर रहे थे। हमले में उनकी बेटी, दामाद, बहू और पोती के अलावा परिसर में मौजूद 40 कमांडर भी मारे गए।
इज़राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने शनिवार देर रात खामेनेई के मारे जाने का दावा किया। कुछ देर बाद अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प ने भी उनके मारे जाने का दावा किया था। रविवार सुबह ईरान की सरकारी समाचार एजेंसियों ‘तसनीम’ और ‘फार्स’ ने भी इस खबर की पुष्टि की।
वहीं, ईरानी सेना ने चेतावनी दी है कि वह जल्द ही अब तक का सबसे खतरनाक अभियान शुरू करने जा रही है और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा।
ईरान में 200 की मौत, 740 घायल
इज़राइल और अमेरिका ने ईरान की राजधानी तेहरान सहित 10 प्रमुख शहरों पर हमले किए। इन हमलों में अब तक 200 से अधिक लोगों की मौत और 740 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 148 छात्राओं की जान गई, जबकि 45 घायल बताई गई हैं। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर हमले किए हैं।
Comments (0)