इजराइल ने शनिवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर बड़ा हमला किया। दक्षिणी ईरान में हुए हमलों में 40 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 45 अन्य घायल हैं।हमलों के जवाब में ईरान ने भी इजराइल पर पलटवार शुरू कर दिया है। ईरान ने करीब 400 मिसाइलें दागीं।
ईरान ने भी इजराइल-दुबई पर मिसाइलें दागीं
ईरान ने इजराइल के अलावा कुवैत, कतर, बहरीन और सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया। साथ ही UAE के सबसे ज्यादा आबादी वाले शहर दुबई पर भी मिसाइलें दागी गईं।
इजराइल ने अपने हमलों में ईरान के खुफिया मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के कार्यालय और ईरान का परमाणु ऊर्जा संगठन को निशाना बनाया। हमले के बाद खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।
इजराइल ने इस सैन्य अभियान को ‘लायनस् रोअर’ (शेर की दहाड़) नाम दिया है। वहीं अल जजीरा ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि यह अमेरिका और इजराइल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई है।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पहले ईरान पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि इस कदम का उद्देश्य अमेरिका और उसके नागरिकों को संभावित खतरे से बचाना है।
ट्रम्प के अनुसार, अमेरिकी सेना ईरान की मिसाइल क्षमताओं को नष्ट करने और उसके मिसाइल कार्यक्रम को खत्म करने की कोशिश कर रही है।
Comments (0)