अमेरिका ने रविवार को ईरान के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई करते हुए करीब 140 ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, यह हालिया अभियान की तीसरी बड़ी कार्रवाई थी, जिसमें ईरान के कई सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया गया।
इन हमलों में किश्म, सीरिक, बंदर अब्बास, जास्क, बुशेहर, खोंदाब, बंदर महशहर, बेहबहान, अंदीमेश्क, देजफुल, अहवाज, अबादान और खुर्रमशहर समेत कई महत्वपूर्ण इलाकों को निशाना बनाया गया। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि इस अभियान में ईरान को भारी नुकसान पहुंचा है।
होर्मुज कई परमाणु बमों से भी ज्यादा अहम
वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता के सलाहकार मोहसिन रेजाई ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट ईरान के लिए कई परमाणु बमों से भी अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी कीमत पर होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा करेगा और इसकी रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा।
ओमान के पास जहाज पर हमला, एक भारतीय अब भी लापता
ओमान के निकट 'GFS गैलेक्सी' नामक जहाज पर हुए हमले के समय 11 भारतीय नागरिक सवार थे। इनमें से 10 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है। भारत सरकार ने नागरिक जहाजों पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए ऐसे हमलों को तत्काल रोकने की मांग की है।
अमेरिका का दावा- तीन दिनों में 300 से ज्यादा ठिकानों पर कार्रवाई
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, पिछले तीन दिनों के दौरान अमेरिका ने ईरान के 300 से अधिक सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना है।
. दक्षिणी लेबनान में इजराइल की नई सैन्य कार्रवाई
इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान के नबातियेह जिले के कफर तेबनित क्षेत्र में फिर से गोलीबारी की। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक इस हमले में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
कुवैत की तीन सीमा चौकियों को नुकसान
कुवैत की सेना ने जानकारी दी कि हालिया क्षेत्रीय संघर्ष के दौरान देश के उत्तरी हिस्से में स्थित तीन सीमा चौकियों को नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
ईरान के खुजेस्तान में वाटर प्रोजेक्ट पर हमला
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, दक्षिणी ईरान के महशहर शहर स्थित एक जल परियोजना पर प्रोजेक्टाइल गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।