वेनेजुएला में बुधवार को कुछ ही सेकेंड के अंतराल में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, 45 सेकेंड के भीतर 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो बड़े भूकंप दर्ज किए गए। भूकंप के कारण कई इलाकों में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। सबसे ज्यादा असर राजधानी काराकस में देखने को मिला, जहां कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ ढह गईं।
राजधानी काराकस में मचा हड़कंप
भूकंप के तेज झटकों से लोगों में अफरा तफरी मच गई। काराकस में लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों, दफ्तरों और बहुमंजिला इमारतों से बाहर निकल आए। कई व्यावसायिक क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचा है। कई जगह मलबे के ढेर नजर आए, जिससे राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
गृह मंत्री ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने बताया कि भूकंप के झटके देश के कई राज्यों में महसूस किए गए। उन्होंने कहा कि काराकस के अल्तामिरा क्षेत्र में कई मकान और इमारतें प्रभावित हुई हैं। लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और आफ्टरशॉक्स के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई है।
दोनों भूकंपों का केंद्र मोरोन के पास
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था, जिसका केंद्र कैरेबियाई तट पर स्थित मोरोन क्षेत्र के पश्चिम में था। इसकी गहराई करीब 13 किलोमीटर दर्ज की गई। वहीं दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप 7.5 तीव्रता का था, जिसका केंद्र मोरोन से लगभग 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था और इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी।
एक सदी के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में शामिल
विशेषज्ञों का मानना है कि यह भूकंप हाल के वर्षों में ही नहीं, बल्कि पिछले एक सदी के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक हो सकता है। इसकी वजह से कई क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका है।
कई इमारतें ढहीं
काराकस के चाकाओ नगर क्षेत्र में कम से कम चार इमारतों के ढहने की पुष्टि की गई है। वहीं गुआइरा स्थित होटल एडुआर्ड की इमारत भी पूरी तरह ध्वस्त हो गई।