अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में शनिवार को व्हाइट हाउस के पास अचानक फायरिंग की घटना सामने आई। घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे।
एक संदिग्ध हमलावर ने सिक्योरिटी चेकपॉइंट के पास करीब 30 राउंड फायरिंग की, जहां यूएस सीक्रेट सर्विस के अधिकारी तैनात थे। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने हमलावर को गोली मार दी, जिसके बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
इस गोलीबारी में एक आम नागरिक भी घायल हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं है कि नागरिक को हमलावर की गोली लगी या जवाबी फायरिंग के दौरान वह घायल हुआ। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी।
पहले भी मिली थीं धमकियां
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही राष्ट्रपति ट्रम्प की बेटी को हत्या की धमकी मिली थी। इस मामले में एक इराकी युवक की गिरफ्तारी भी हुई थी, जिसके पास इवांका ट्रम्प और उनके पति जैरेड कुशनर के फ्लोरिडा स्थित घर का नक्शा भी मिला था।अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।