भोपाल: राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा की शुरुआत हो गई है। देशभक्ति के रंग में रंगी इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोग भारत माता के जयकारे लगाते हुए यात्रा में आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए खास अंदाज में टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे। सीएम बुलेट बाइक चलाते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
टीटी नगर से रोशनपुरा तक जाएगी तिरंगा यात्रा
भाजपा की यह तिरंगा यात्रा टीटी नगर स्टेडियम से शुरू होकर न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक जाएगी। यात्रा के निर्धारित मार्ग पर जगह-जगह लोगों की ओर से स्वागत किया जा रहा है।मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ नजर आ रही है। बड़ी संख्या में लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए हैं। यात्रा के दौरान देशभक्ति का माहौल बना हुआ है।
सीएम डॉ.मोहन यादव बुलेट से पहुंचे
तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुलेट बाइक से टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे। उनका यह अंदाज कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र बना रहा।सीएम के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित कई पार्टी नेता भी कार्यक्रम में पहुंचे। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
बच्चों ने भी बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह
तिरंगा यात्रा में बच्चों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। छोटे-छोटे बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और देशभक्ति के रंग में नजर आए।कई बच्चे अलग-अलग किरदारों की वेशभूषा में पहुंचे हैं। इनमें डोरेमोन और मोटू-पतलू जैसे लोकप्रिय कार्टून किरदारों की वेशभूषा पहने बच्चे लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।बच्चों की मौजूदगी ने यात्रा के माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। अभिभावक भी बच्चों के साथ तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल होते नजर आए।
जगह-जगह हो रहा यात्रा का स्वागत
तिरंगा यात्रा जिस मार्ग से गुजर रही है, वहां स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत की तैयारियां की गई हैं। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर लोगों ने तिरंगा लहराकर इसमें शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया।भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की भागीदारी से यात्रा का स्वरूप बड़ा नजर आ रहा है। सड़क के दोनों ओर भी लोगों की मौजूदगी दिखाई दे रही है।
भाजपा के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल
यात्रा में भाजपा के प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों के अलावा पार्टी के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हैं। पार्टी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में आम लोगों की भागीदारी भी देखने को मिल रही है।तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के साथ देशभक्ति से जुड़े नारों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच लोग आगे बढ़ रहे हैं।
भोपाल में देशभक्ति के रंग में रंगा माहौल
तिरंगा यात्रा के चलते टीटी नगर से न्यू मार्केट और रोशनपुरा की ओर जाने वाले मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल दिखाई दे रहा है। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से इलाके में राजनीतिक गतिविधि भी तेज नजर आ रही है।भाजपा की ओर से आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना बताया जा रहा है। यात्रा के दौरान युवाओं, बच्चों और आम नागरिकों की भागीदारी खास तौर पर नजर आई।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी नजर
बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने के कारण यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन की ओर से निगरानी रखी जा रही है। टीटी नगर, न्यू मार्केट और रोशनपुरा की ओर जाने वाले रास्तों पर यात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।फिलहाल तिरंगा यात्रा पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रही है और टीटी नगर से रोशनपुरा तक लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिल रहा है।