भोपाल: राजधानी भोपाल में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अहम खबर है। भोपाल मेट्रो की समय-सारणी में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था 16 नवंबर से लागू होगी। सोमवार से शनिवार तक अब पहली मेट्रो सुभाष नगर स्टेशन से दोपहर 12 बजे रवाना होगी, जबकि आखिरी ट्रेन शाम 7 बजे चलेगी। वहीं, एम्स स्टेशन से अंतिम मेट्रो शाम 7.30 बजे संचालित होगी। मेट्रो कॉरपोरेशन के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा और परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है।
16 नवंबर से लागू होगा मेट्रो का नया शेड्यूल
भोपाल मेट्रो कॉरपोरेशन ने सोमवार से शनिवार तक मेट्रो संचालन की नई समय-सारणी जारी की है। इसके तहत मेट्रो सेवाएं दोपहर 12 बजे से शाम 7.30 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
नई टाइमिंग के अनुसार:
सुभाष नगर स्टेशन: पहली मेट्रो दोपहर 12 बजे।
सुभाष नगर स्टेशन: आखिरी मेट्रो शाम 7 बजे।
एम्स स्टेशन: पहली मेट्रो दोपहर 12.40 बजे।
एम्स स्टेशन: आखिरी मेट्रो शाम 7.30 बजे।
पीक ऑवर में 20 मिनट और ऑफ-पीक में 40 मिनट का अंतराल
नई समय-सारणी के तहत मेट्रो ट्रेनों के बीच का अंतराल भी निर्धारित किया गया है। सामान्य कार्यदिवसों में पीक समय के दौरान यात्रियों को हर 20 मिनट में मेट्रो मिलेगी।वहीं, ऑफ-पीक समय में ट्रेनों के बीच 40 मिनट का अंतराल रहेगा। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना नई टाइमिंग के अनुसार बनानी होगी।
रविवार और छुट्टियों में अलग रहेगा मेट्रो का समय
रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो का संचालन पूर्ववत समय-सारणी के अनुसार किया जाएगा। इन दिनों मेट्रो सेवाएं सुबह 11.30 बजे से रात 8.30 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
रविवार की समय-सारणी इस प्रकार रहेगी
सुबह 11.30 से दोपहर 1 बजे तक: हर 30 मिनट में मेट्रो।
दोपहर 1 से रात 8.30 बजे तक: हर 15 मिनट में मेट्रो।
यात्रियों को नई टाइमिंग के अनुसार बनाना होगा प्लान
मेट्रो कॉरपोरेशन के अनुसार, समय-सारणी में बदलाव यात्रियों की सुविधा और परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया गया है। 16 नवंबर से सोमवार से शनिवार तक सफर करने वाले यात्रियों को नई टाइमिंग का ध्यान रखना होगा।खासकर सुबह और देर शाम मेट्रो से यात्रा करने वाले यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन का समय जरूर देख लेना चाहिए।