मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने अपने-अपने विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं। भाजपा ने विधायक दल की बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा की और सभी विधायकों को 8 जून तक भोपाल में ही रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री निवास पर हुई भाजपा विधायक दल की बैठक
शनिवार देर शाम मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री समेत पार्टी के सभी विधायक मौजूद रहे। इस दौरान राज्यसभा चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई और मतदान प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में मध्यप्रदेश से भाजपा के घोषित राज्यसभा उम्मीदवार तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल भी शामिल हुए।
तीसरा प्रत्याशी उतारने की अटकलें तेज
राज्यसभा चुनाव के बीच यह चर्चा भी तेज हो गई है कि भाजपा मध्यप्रदेश से तीसरा उम्मीदवार भी मैदान में उतार सकती है। हालांकि पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक संभावित रणनीति को देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने अपने विधायकों को राजधानी भोपाल में ही रहने को कहा है। पार्टी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी विधायक 8 जून तक भोपाल न छोड़े।
तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को मिला है टिकट
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने 4 जून को राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। मध्यप्रदेश से पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है।दोनों नेताओं को संगठन में लंबे अनुभव और सक्रिय भूमिका के आधार पर राज्यसभा के लिए चुना गया है।
राज्यसभा चुनाव पर टिकी निगाहें
भाजपा और कांग्रेस दोनों की रणनीतिक बैठकों के बाद अब राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि भाजपा केवल दो उम्मीदवारों के साथ मैदान में उतरती है या तीसरे प्रत्याशी को भी मौका देती है।