भोपाल/उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य ज्ञान है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा का श्रवण करने मात्र से मनुष्य के दुःख-दर्द दूर होते हैं और समाज में सद्भाव, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उज्जैन जिले के टंकारिया गांव में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव वर्चुअली शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के संदेशों को जीवन में उतारने का आह्वान किया और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
‘कष्टों के बीच भी श्रीकृष्ण ने धर्म का मार्ग नहीं छोड़ा’
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन में अनेक चुनौतियां और कष्ट आए, लेकिन उन्होंने कभी धर्म का साथ नहीं छोड़ा। उन्होंने अत्याचार और कुशासन का अंत कर समाज को न्याय और धर्म का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को उसके कर्तव्यों का बोध कराती है और मानव सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
जहां-जहां श्रीकृष्ण की लीलाएं हुईं, वहां बनेंगे भव्य तीर्थ
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े स्थानों को विकसित करने के लिए विशेष योजना पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि उज्जैन जिले के नारायणा गांव में भव्य श्रीकृष्ण तीर्थ बनाया जाएगा। धार जिले के अंका-झंका माताजी परिसर को भी श्रीकृष्ण तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थलों को धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
ग्रामीणों को मिली सड़क, गौशाला और धर्मशाला की सौगात
ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने कई विकास कार्यों की घोषणा की। जिनमें-
टंकारिया पंथ से लेपड़ तक पक्की सड़क का निर्माण।
टंकारिया से रानापुर फाटक तक सड़क बनाई जाएगी।
धर्मशाला में शेड निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
गौशाला निर्माण के लिए अनुदान दिया जाएगा।
राखी पर फिर मिलेगा लाड़ली बहनों को शगुन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आगामी रक्षाबंधन पर प्रदेश की लाड़ली बहनों को सरकार की ओर से शगुन के रूप में राशि भेजी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पात्र बुजुर्गों को सरकार की तीर्थ दर्शन योजना के तहत धार्मिक यात्राएं भी कराई जाएंगी।
‘भागवत कथा समाज में संस्कार और एकता को मजबूत करती है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सांस्कृतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन समिति, संत समाज और श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से समाज में संस्कार, एकता और सद्भाव की भावना मजबूत होती है।
प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि मध्य प्रदेश को धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। श्रीकृष्ण से जुड़े तीर्थ स्थलों के विकास से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी।