भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को होने वाले जन्मदिन के अवसर पर मध्यप्रदेश में विशेष आयोजन किया जाएगा। उज्जैन के महाकाल महालोक सहित पूरे प्रदेश में 58 लाख आशीर्वाद के दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के अनुसार, यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त करने का माध्यम है। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी ने गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम किया है। इसी उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के जरिए सेवा को सामाजिक और राजनीतिक संस्कार के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया जाएगा।
25 साल पहले गुजरात से शुरू हुआ सफर, अब सेवा संकल्प अभियान तक पहुंचा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 25 वर्षों की यह यात्रा एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच रही है। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक जीवन को केवल पद हासिल करने का माध्यम न मानकर सेवा का माध्यम बनाया। मध्यप्रदेश में 58 लाख दीपों का प्रज्ज्वलन इसी सेवा यात्रा के प्रति सम्मान और आभार का प्रतीक होगा।
गरीब कल्याण से शासन तक, PM मोदी के मॉडल का किया जिक्र
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण को शासन की प्राथमिकता बनाए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का भी जिक्र करते हुए कहा कि कृषि, उद्योग, निवेश और शासन में गति के साथ परिणाम पर जोर उनकी कार्यशैली की पहचान रहा है।
भारत की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा को लेकर CM यादव ने गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उनके अनुसार, देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत की है और आंतरिक व बाहरी सुरक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
स्वच्छ भारत से आयुष्मान भारत तक, इन योजनाओं का भी किया जिक्र
CM मोहन यादव ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने जनभागीदारी को बढ़ावा दिया, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब परिवारों के पक्के घर के सपने को गति दी। जल जीवन मिशन के जरिए घर-घर नल से पानी पहुंचाने के प्रयास का भी उन्होंने उल्लेख किया। इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जैसी पहलों को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। महिला सशक्तिकरण के संदर्भ में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी और नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता को बढ़ाने पर लगातार जोर दिया गया है।
CM मोहन यादव बोले- MP में ‘सबका साथ, सबका विकास’ पर काम जारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 85 हजार से अधिक युवाओं को शासकीय सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं। आने वाले समय में हर वर्ष एक लाख से अधिक युवाओं को सार्वजनिक क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
लाड़ली बहना से किसान कल्याण तक, MP सरकार ने गिनाईं अपनी उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं के आर्थिक आत्मविश्वास और परिवार में उनके निर्णयकारी स्थान को मजबूत करने में भूमिका निभाई है। कृषक कल्याण वर्ष के तहत किए गए नवाचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि भूमि के भू-अर्जन पर बाजार दर का चार गुना मुआवजा देने का निर्णय लिया गया है। साथ ही प्रदेश की सिंचाई क्षमता बढ़ाने पर भी लगातार काम किया जा रहा है।
₹34 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव का दावा, 15 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट धरातल पर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उनके अनुसार, प्रदेश एक वर्ष में सर्वाधिक निवेश लाने वाला देश का तीसरा राज्य बना है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जबकि करीब 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जा चुका है।
केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजनाओं से सिंचाई विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने लंबे समय से लंबित केन-बेतवा लिंक परियोजना के भूमि-पूजन और पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना के लिए मध्यप्रदेश, राजस्थान और केंद्र सरकार के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते को सिंचाई के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया। इसके अलावा रीवा, दतिया और सतना एयरपोर्ट के लोकार्पण के बाद प्रदेश में हवाई अड्डों की संख्या आठ होने का भी उल्लेख किया गया।
इंदौर-उज्जैन से भोपाल तक नए मेट्रोपॉलिटिन क्षेत्र की तैयारी
मध्यप्रदेश में दो मेट्रोपॉलिटिन क्षेत्रों के विकास की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इनमें इंदौर-उज्जैन-देवास-धार और भोपाल-सीहोर-रायसेन-विदिशा-ब्यावरा क्षेत्र शामिल हैं। नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी प्रदेश ने वर्ष 2030 तक अपनी ऊर्जा खपत का 50 प्रतिशत हिस्सा नवीकरणीय स्रोतों से पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
महाकाल महालोक से खजुराहो तक MP की विरासत को नई पहचान देने की तैयारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार महाकाल महालोक, ओंकारेश्वर, ओरछा, चित्रकूट, अमरकंटक, सांची और खजुराहो को भारत की सभ्यता और संस्कृति के जीवंत केंद्रों के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
PM मोदी की सेवा यात्रा से प्रेरणा लेकर विकसित MP का लक्ष्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा से प्रेरणा लेते हुए मध्यप्रदेश सरकार विकसित भारत के साथ विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सेवा और सुशासन के संकल्प के साथ काम जारी रहेगा।