भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निवेश अभियान का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। यूनाइटेड किंगडम (UK) दौरे और अंतरराष्ट्रीय निवेश संवादों के बाद मध्य प्रदेश को बड़ी सफलता मिली है। दुनिया की दिग्गज कंज्यूमर हेल्थकेयर कंपनी हेलियन (Haleon) ने भारत में अपनी पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट मध्य प्रदेश के पीथमपुर में स्थापित करने का फैसला किया है। करीब 2000 करोड़ रुपए की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि-पूजन 8 जून को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इसे प्रदेश में विदेशी निवेश और औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
UK दौरे से शुरू हुई थी बातचीत, अब जमीन पर उतरेगा निवेश
राज्य सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के यूनाइटेड किंगडम दौरे के दौरान निवेशकों के साथ हुई बैठकों और मध्य प्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं के प्रभावी प्रस्तुतीकरण के बाद हेलियन ने प्रदेश में निवेश करने का निर्णय लिया था। अब यह निवेश प्रस्ताव क्रियान्वयन के चरण में पहुंच गया है, जो राज्य सरकार की निवेश परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने की नीति को दर्शाता है।
पीथमपुर के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में बनेगी अत्याधुनिक यूनिट
धार जिले के पीथमपुर स्थित स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 40 एकड़ से अधिक क्षेत्र में यह अत्याधुनिक प्लांट विकसित किया जाएगा। यह इकाई मुख्य रूप से ओरल हेल्थ से जुड़े उत्पादों के निर्माण पर केंद्रित होगी। यहां तैयार होने वाले उत्पाद न केवल भारतीय बाजार की जरूरतों को पूरा करेंगे, बल्कि एशिया-प्रशांत, मध्य-पूर्व और अफ्रीकी देशों में भी निर्यात किए जाएंगे।
500 प्रत्यक्ष और 500 अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेंगे
करीब 2000 करोड़ रुपए के इस निवेश से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
500 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे।
स्थानीय MSME इकाइयों और सप्लायर नेटवर्क को फायदा होगा।
परिवहन, लॉजिस्टिक्स और सहायक उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कंपनी में कम से कम 30 प्रतिशत महिला कार्यबल की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
सेंसोडाइन से क्रोसिन तक... इन्हीं ब्रांड्स की मालिक है हेलियन
हेलियन दुनिया की अग्रणी कंज्यूमर हेल्थकेयर कंपनियों में शामिल है। कंपनी के कई लोकप्रिय उत्पाद भारतीय बाजार में पहले से मौजूद हैं। इनमें प्रमुख रूप से-
Sensodyne
Crocin
Eno
Otrivin
Iodex
Centrum
Ostocalcium
जैसे बड़े ब्रांड शामिल हैं। कंपनी की मौजूदगी दुनिया के 170 से अधिक देशों में है और सेल्फ-केयर तथा हेल्थकेयर सेक्टर में इसे वैश्विक लीडर माना जाता है।
मध्य प्रदेश बन रहा वैश्विक निवेशकों की पसंद
पिछले कुछ वर्षों में मध्य प्रदेश ने उद्योगों के लिए मजबूत आधारभूत संरचना, निवेशक-अनुकूल नीतियों, आसान अनुमोदन प्रक्रिया और पर्याप्त भूमि उपलब्धता के कारण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों का भरोसा हासिल किया है। सरकार का मानना है कि हेलियन की यह परियोजना मध्य प्रदेश को वैश्विक विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।
विकसित मध्य प्रदेश के संकल्प को मिलेगी नई ताकत
हेलियन का यह निवेश केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि रोजगार, निर्यात और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला बड़ा कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे प्रदेश में विदेशी निवेश को नई गति मिलेगी और "विकसित मध्य प्रदेश" के विजन को मजबूत आधार प्राप्त होगा।