मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के मामले में पार्टी आज चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाएगी।
दिल्ली और भोपाल में चुनाव आयोग पहुंचेगे कांग्रेस नेता
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आज भारत निर्वाचन आयोग के दिल्ली और भोपाल स्थित कार्यालय पहुंचकर मामले में हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग करेंगे। पार्टी का आरोप है कि नामांकन निरस्त करने की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं।
मंगलवार को किया था विरोध प्रदर्शन
इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली और भोपाल में चुनाव आयोग के दफ्तरों के बाहर धरना-प्रदर्शन किया था। पार्टी ने इस फैसले को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया था।
चुनाव आयोग ने दिया मिलने का समय
कांग्रेस के विरोध के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने पार्टी प्रतिनिधियों को आज सुबह 11 बजे मिलने का समय दिया है। इस बैठक में कांग्रेस नेता पूरे मामले से जुड़े दस्तावेज और अपनी आपत्तियां आयोग के समक्ष रखेंगे।
राज्यसभा चुनाव को लेकर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले इस विवाद ने प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है। कांग्रेस इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का मुद्दा बता रही है, जबकि चुनावी प्रक्रिया को लेकर आयोग की ओर से आगे क्या फैसला लिया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।