भोपाल: भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित डीलीजेंट होटल कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड (कोर्टयार्ड बाय मैरियट भोपाल) के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। होटल में चूहों की मौजूदगी की शिकायत मिलने के बाद राज्य और केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद FSSAI के केंद्रीय अधिकारियों ने होटल का केंद्रीय फूड लाइसेंस (संख्या-11421999000174) तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
किचन और स्टोर रूम में मिले चूहे
निरीक्षण के दौरान होटल के किचन और स्टोर एरिया में चूहों की मौजूदगी पाई गई। पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड की जांच में भी चूहों के संक्रमण की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना है।
साफ-सफाई की स्थिति पर उठे सवाल
जांच टीम को होटल की विभिन्न रसोइयों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। कई स्थानों पर स्वच्छता संबंधी कमियां पाई गईं, जिससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने का खतरा बढ़ सकता था।
वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक साथ मिली
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को बिना किसी पृथक्करण के एक साथ रखा गया था। इसके अलावा होटल में इस्तेमाल किए जा रहे चीनी के पाउच एक तृतीय-पक्ष इकाई से लिए जा रहे थे, जिन्हें खाद्य व्यवसाय संचालक की ओर से विधिवत अनुमोदित नहीं किया गया था।
खाद्य सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली के पालन में भी मिली कमी
अधिकारियों के अनुसार होटल में फूड सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम (FSMS) और खाद्य सुरक्षा एवं मानक (लाइसेंसिंग और पंजीकरण) विनियम, 2011 की अनुसूची-4 के प्रावधानों का पर्याप्त पालन नहीं किया जा रहा था। भंडारण व्यवस्था भी ऐसी नहीं थी, जिससे खाद्य सामग्री को दूषण से सुरक्षित रखा जा सके।
उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को देखते हुए लिया गया फैसला
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।