दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में शाम 5 बजे तक क्षेत्र में 69.36 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी देखने को मिले। कांग्रेस ने सिरोल और जिगना मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी और फर्जी वोटिंग की आशंका जताई, जबकि भाजपा ने इन आरोपों को कांग्रेस की निराशा बताया।
कांग्रेस प्रत्याशी ने अधिकारियों से की शिकायत
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह सिरोल मतदान केंद्र पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया। कांग्रेस की ओर से मतदान प्रक्रिया में अनियमितता की आशंका जताते हुए अधिकारियों से चर्चा की गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर मतदान को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।कांग्रेस ने जिगना बूथ को लेकर भी सवाल उठाए। पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप था कि भाजपा द्वारा बाहरी लोगों के माध्यम से फर्जी मतदान कराया जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से इन आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है।
भाजपा ने आरोपों को बताया हताशा
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा नेता और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार किया। पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस जब हारती है तो आरोप लगाती है ये उनकी हताशा निराशा का परिचय है
भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला
दतिया विधानसभा उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह के बीच माना जा रहा है। मतदान के दिन भी दोनों दलों के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय नजर आए।
291 मतदान केंद्रों पर डाले गए वोट
दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 291 मतदान केंद्र बनाए गए थे। यहां करीब 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र थे। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
3 अगस्त को आएगा चुनाव परिणाम
मतदान समाप्त होने के बाद अब सभी की नजरें मतगणना पर हैं। दतिया विधानसभा उपचुनाव के वोटों की गिनती 3 अगस्त को की जाएगी। इसी दिन तय होगा कि दतिया की जनता ने भाजपा और कांग्रेस में से किस उम्मीदवार पर भरोसा जताया है।फिलहाल दोनों प्रमुख दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं और परिणाम का इंतजार किया जा रहा है।