दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद जिले में विरोध तेज हो गया। पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने भाजपा जिला कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और ग्वालियर-झांसी हाईवे पर धरना देकर प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की। टिकट वितरण को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी साफ दिखाई दी।
टिकट कटने से नाराज समर्थकों ने किया विरोध प्रदर्शन
डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट मिलने की उम्मीद लगाए बैठे समर्थकों ने पार्टी के फैसले के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा जिला कार्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ नारे लगाए।
बाजार बंद कराने की कोशिश, हाईवे पर धरना
विरोध प्रदर्शन के दौरान नाराज कार्यकर्ता दतिया शहर में बाजार बंद कराने निकल पड़े। टाउन हॉल, बड़ा बाजार और किला चौक सहित कई क्षेत्रों में दुकानों पर इसका असर देखने को मिला। वहीं ग्वालियर-झांसी हाईवे पर धरना देने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
जिला अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, दिल्ली जाने की तैयारी
टिकट को लेकर बढ़ते असंतोष के बीच भाजपा दतिया जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने पार्टी नेतृत्व से उम्मीदवार बदलने की मांग की है। नाराज कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि निर्णय पर पुनर्विचार नहीं हुआ तो वे अपनी मांग लेकर दिल्ली पहुंचेंगे।