इंदौर/देवास: देवास जिले के चंदाना में केमिकलयुक्त अवैध शराब और संदिग्ध मौतों के मामले में पुलिस ने कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जैन कासलीवाल को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस उनके बेटे अमन कासलीवाल को भी गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेशी के दौरान आनंद कासलीवाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस उन्हें तत्काल देवास जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उनका उपचार किया गया। मामले में पुलिस अवैध शराब बनाने और केमिकल सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल गिरफ्तार
देवास के चंदाना केमिकलयुक्त शराब मामले में पुलिस की जांच के दौरान आनंद कासलीवाल का नाम सामने आया था। पुलिस पहले ही उनके बेटे अमन कासलीवाल को गिरफ्तार कर चुकी है। अब जांच में सामने आए तथ्यों और कथित भूमिका के आधार पर आनंद कासलीवाल को भी गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस उन्हें न्यायालय में पेशी के लिए लेकर पहुंची, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें देवास जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बेटे अमन पर मेथनॉल सप्लाई करने का आरोप
इस मामले में पुलिस ने पहले आनंद कासलीवाल के बेटे अमन कासलीवाल को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, अमन पर अवैध शराब बनाने वाले गिरोह को जहरीला केमिकल मेथनॉल सप्लाई करने का आरोप है।जांच में केमिकल की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े दस्तावेज भी सामने आए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि केमिकल कहां से खरीदा गया और किन लोगों तक पहुंचाया गया।
संदिग्ध मौतों से शुरू हुई थी जांच
चंदाना क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और संदिग्ध मौतों का मामला 15 और 18 अक्टूबर को हुई दो मौतों के बाद सामने आया था।मर्ग जांच के दौरान मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को चंदाना निवासी विनोद जायसवाल द्वारा अवैध शराब बेचे जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अवैध शराब के नेटवर्क की पड़ताल तेज कर दी।
कार की डिक्की से मिली थीं शराब की छह पेटियां
मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 26 अक्टूबर को पुलिस ने प्रतापनगर-अंबेडकर नगर इलाके में नाकाबंदी की थी।इस दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी विनोद जायसवाल, अजय राठौर और रामेश्वर सोनगरा को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उनकी कार की डिक्की से अवैध शराब की छह पेटियां बरामद हुई थीं।इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया और केमिकल सप्लाई करने वाले लोगों तक पहुंच बनाई।
केमिकल सप्लाई नेटवर्क की जांच, कई गिरफ्तारियां
पुलिस अब इस पूरे मामले में अवैध शराब बनाने, उसकी बिक्री और घातक केमिकल की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।आनंद कासलीवाल से पहले उनके बेटे अमन सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कुल 11 गिरफ्तारियों की जानकारी दी गई थी।
मौतों के मामले में जांच जारी
चंदाना और आसपास के क्षेत्रों में हुई संदिग्ध मौतों को केमिकलयुक्त शराब के सेवन से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।आनंद कासलीवाल की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उनसे जुड़े कारोबार और केमिकल सप्लाई नेटवर्क की भूमिका की जांच करेगी। वहीं, अस्पताल में उपचार के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।