महू। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू में इस दीपावली इंसानियत, सेवा और संवेदना की अनूठी मिसाल देखने को मिली। 1962, 1965 और 1971 के तीन युद्धों में देश के लिए मोर्चा संभालने वाले 88 वर्षीय पूर्व सैनिक NCO एल.एल. यादव के घर करीब 50 साल बाद खुशियों की दिवाली मनी। शहीद समरसता मिशन के युवाओं ने 15 दिनों तक श्रमदान कर 11 साल से जर्जर पड़े उनके मकान को संवारा और पूर्व सैनिक व उनकी 84 वर्षीय पत्नी सुभद्रा देवी के साथ दीपावली मनाई। वर्षों से अकेलेपन और अभावों में जीवन बिता रहे सैनिक दंपती की आंखों में युवाओं ने एक बार फिर खुशियों की चमक लौटा दी।
तीन युद्धों में देश के लिए लड़े, 1971 के युद्ध में हुए थे घायल
पूर्व सैनिक NCO एल.एल. यादव ने भारतीय सेना में रहते हुए वर्ष 1962, 1965 और 1971 के युद्धों में देश की ओर से मोर्चा संभाला था। वर्ष 1971 के युद्ध में वे घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें सेना से डिस्चार्ज होना पड़ा। सैन्य सेवा के दौरान उन्हें कई पदकों से भी सम्मानित किया गया। जवानी के दिन देश की सीमाओं की रक्षा में बिताने वाले यादव ने कभी नहीं सोचा था कि जीवन के अंतिम पड़ाव में उन्हें इस तरह अभाव और अकेलेपन का सामना करना पड़ेगा। वर्ष 1998 में एक हादसे में अपने इकलौते बेटे को खोने के बाद उनके और उनकी पत्नी के जीवन में मुश्किलें और बढ़ गईं।
15 दिनों तक युवाओं ने किया श्रमदान, जर्जर मकान को संवारा
महू कैंट (डॉ. अंबेडकर नगर) में रहने वाले सैनिक दंपती का मकान करीब 11 वर्षों से उपेक्षा के कारण जर्जर अवस्था में पहुंच गया था। ऐसे में शहीद समरसता मिशन के युवाओं ने उनके घर को फिर से रहने योग्य बनाने का संकल्प लिया। मिशन के युवाओं ने लगातार 15 दिनों तक श्रमदान किया। इस दौरान घर की साफ-सफाई, मरम्मत, रंगाई-पुताई और साज-सज्जा की गई। युवाओं ने अपने हाथों से मकान को नया रूप दिया और दीपावली के अवसर पर पूरे अपनत्व के साथ सैनिक दंपती के घर पहुंचे। जिस घर के आंगन में वर्षों से त्योहार की रौनक गायब थी, वहां इस बार दीपों के साथ रिश्तों और सम्मान का उजाला भी पहुंचा।
1971 के युद्ध के बाद पहली सार्थक दिवाली, युवाओं को बताया साक्षात श्रीराम
दीपावली के मौके पर मिले इस अपनत्व से पूर्व सैनिक एल.एल. यादव भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि 1971 के युद्ध के बाद यह पहली सार्थक दिवाली है, जिसे उन्होंने शहीद समरसता मिशन के युवाओं के साथ मनाया है। उन्होंने कहा, "उम्र के इस पड़ाव पर जब अपनों ने हमारा साथ छोड़ दिया, तब इन युवाओं ने हमारा हाथ थामा है। यह मेरे परिवार से भी बड़ा महापरिवार है। इन बेटों के रूप में साक्षात श्रीराम मेरे घर पधार गए हैं।" यादव ने युवाओं के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि सैनिक और शहीद परिवारों के प्रति उनका समर्पण देखकर विश्वास होता है कि देश का भविष्य उज्ज्वल है।
पत्नी सुभद्रा देवी बोलीं- भगवान ने इन बच्चों के रूप में कई बेटे दे दिए
पूर्व सैनिक की 84 वर्षीय पत्नी सुभद्रा देवी यादव भी युवाओं का स्नेह देखकर भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि मिशन के युवाओं ने 11 साल से खंडहर पड़े उनके घर को फिर से घर बना दिया है। उन्होंने बताया कि बच्चों ने 15 दिनों तक लगातार घर की साफ-सफाई की और दिन-रात उनकी सेवा की। उन्होंने कहा, "मेरे पति ने देश के लिए युद्ध लड़े, लेकिन इसके बावजूद परिवार और समाज ने कभी हमारी फिक्र नहीं की। मिशन के ये बेटे हमारे बुढ़ापे की लाठी बन गए हैं। भगवान ने इन बच्चों के रूप में मुझे कई बेटे दे दिए हैं। यह दिवाली मेरे जीवन की सबसे अच्छी दिवाली रही।" उन्होंने मिशन के सभी युवाओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सैनिकों का सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी : राहुल राधेश्याम
शहीद समरसता मिशन, भारत के राष्ट्रीय प्रवक्ता राहुल राधेश्याम ने बताया कि मिशन के संस्थापक मोहन नारायण गिरि 'भाईसाब' की प्रेरणा से मिशन के साथी कमलेश यादव के नेतृत्व में युवाओं ने पूर्व सैनिक एल.एल. यादव के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने कहा कि जिस सैनिक ने अपना पूरा जीवन देश की सीमाओं की रक्षा में लगा दिया, उसे बुढ़ापे में असहाय जीवन जीने के लिए छोड़ देना समाज के लिए चिंतन का विषय है। राहुल राधेश्याम के अनुसार, सरकार सैनिक परिवारों को संसाधन उपलब्ध करा सकती है, लेकिन उन्हें सम्मान, अपनापन और सहयोग देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मिशन इसी भावना को सामाजिक संकल्प में बदलने का प्रयास कर रहा है।
2007 से शहीदों और सैनिक परिवारों की सेवा कर रहा है मिशन
शहीद समरसता मिशन वर्ष 2007 से देशभर में क्रांतिकारियों, शहीदों, सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं सेवा के लिए कार्य कर रहा है। 'सर्वोच्च बलिदान को सर्वोच्च सम्मान' के ध्येय के साथ मिशन देश के 18 राज्यों में सक्रिय है। मिशन का उद्देश्य शहीदों और सैनिक परिवारों के सुख-दुख में सहभागी बनना और उनके प्रति समाज में सम्मान व संवेदना का भाव मजबूत करना है। महू में पूर्व सैनिक एल.एल. यादव के घर मनाई गई यह दीपावली इसी संकल्प की एक मिसाल बन गई।