इंदौर में सोमवार शाम करीब 5 बजे बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेंट्रल जेल के सामने सड़क से गुजर रही कार पर अचानक भारी-भरकम पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आई कार में डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंगी की मां राधा देवी सिंगी भी सवार थीं।हादसे में 75 वर्षीय राधा देवी की मौत हो गई। वहीं उनके पोते प्रखर सिंगी और पारिवारिक मित्र वैशाली जायसवाल घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए गोकुलदास अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराकर लौट रही थीं राधा देवी
राधा देवी सिंगी हाल ही में मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बारिश के बीच सड़क पर यह हादसा हो गया। पेड़ गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और राधा देवी उसके अंदर ही फंस गईं।बताया गया कि वह करीब डेढ़ घंटे तक पेड़ के नीचे दबी रहीं। उन्हें बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
बैठक में थीं डिप्टी कलेक्टर, जानकारी मिलते ही पहुंचा प्रशासन
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंगी नर्मदा घाटी विभाग की बैठक में मौजूद थीं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद कमिश्नर ने बैठक निरस्त कर अधिकारियों को मौके पर भेजा।इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत-बचाव का काम शुरू किया।
कार के अंदर गंभीर चोटों से गई जान
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पेड़ गिरने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। राधा देवी को सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में मदद की।परिजनों का आरोप है कि पेड़ हटाने के लिए संबंधित टीम के पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। इस दौरान राधा देवी कार के अंदर पेड़ के नीचे दबी रहीं।
एसीपी विनोद दीक्षित के मुताबिक, पुलिस ने राधा देवी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में घायल प्रखर सिंगी और वैशाली जायसवाल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।