मध्यप्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार (12 जुलाई) को भिंड जिले के लहार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी कर दी। इस अवसर पर डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,500 रुपये की राशि भेजी गई। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में कुल 1,835 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही सरकार
मध्यप्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का संचालन कर रही है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। सरकार का लक्ष्य महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के साथ परिवार और समाज में उनकी भूमिका को और मजबूत करना है।
किन महिलाओं को मिलता है योजना का लाभ?
इस योजना का लाभ 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को दिया जाता है। इसके लिए परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम होना आवश्यक है। पात्र महिलाएं ऑनलाइन पोर्टल या ग्राम पंचायत एवं वार्ड कार्यालय के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
ऐसे करें किस्त का पेमेंट स्टेटस चेक
लाभार्थी महिलाएं मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर "आवेदन एवं भुगतान की स्थिति" विकल्प का चयन करें। इसके बाद आवेदन क्रमांक या समग्र आईडी दर्ज करें, मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी सत्यापित करें और सबमिट करें। इसके बाद स्क्रीन पर किस्त की भुगतान स्थिति दिखाई दे जाएगी।