मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को आगर मालवा से योजना की सितंबर महीने की 40वीं नियमित किस्त का अंतरण करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ 9 लाख 22 हजार 450 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। यानी पात्र महिलाओं को सितंबर महीने की 1,500 रुपये की मासिक सहायता मिलेगी।
40वीं किस्त के साथ 65 हजार करोड़ से ज्यादा का अंतरण
लाड़ली बहना योजना के तहत जून 2023 से अगस्त 2026 तक 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब सितंबर 2026 में 40वीं किस्त के अंतरण के साथ योजना के तहत नियमित मासिक सहायता के रूप में अब तक अंतरित राशि 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी। सरकार के मुताबिक, जून 2023 से अगस्त 2026 तक योजना के माध्यम से 63,560.90 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
₹1,000 से शुरू हुई थी योजना, अब मिल रहे ₹1,500
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। उस समय पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती थी। इसके बाद अक्टूबर 2023 से सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई और यह राशि 1,250 रुपये प्रतिमाह हो गई। नवंबर 2025 से एक बार फिर 250 रुपये की वृद्धि के बाद वर्तमान में पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये हर महीने दिए जा रहे हैं।
पेंशन पाने वाली पात्र महिलाओं के लिए भी है प्रावधान
योजना में ऐसी पात्र महिला हितग्राहियों को भी लाभ देने का प्रावधान है, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत हर महीने 900 रुपये मिलते हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें निर्धारित व्यवस्था के अनुसार अंतर की राशि उपलब्ध कराई जाती है।
रक्षाबंधन पर भी मिल चुकी है अतिरिक्त सहायता
नियमित किस्तों के अलावा लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई है। अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की विशेष सहायता प्रदान की गई।
आगर मालवा में विकास कार्यों की भी सौगात देंगे CM मोहन यादव
40वीं किस्त के अंतरण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगर मालवा को कई विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। मुख्यमंत्री 225.95 करोड़ रुपये की लागत वाले 33 कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे। इसके साथ ही 28.14 करोड़ रुपये के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा।
2026-27 में लाड़ली बहना योजना के लिए ₹23,882 करोड़ का बजट
वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। सितंबर 2026 तक योजना के अंतर्गत 11,300 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है।