भोपाल। मध्यप्रदेश में अगले 48 घंटे मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में बादल छाए रहने का अनुमान भी है।
धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और इसके प्रभाव के साथ-साथ सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण प्री-मानसून गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। इसी वजह से प्रदेश में मौसम लगातार अस्थिर बना हुआ है।
9 और 10 जून को कई जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 जून को भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, जबलपुर और शहडोल संभाग के कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश के आसार
प्रदेश के भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, देवास, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
10 जून तक जारी रह सकती है बारिश गतिविधियां
9 जून को कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 10 जून को पूर्वी और मध्य मध्यप्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान है।
गर्मी से मिली राहत
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बादलों और बारिश के कारण गर्मी का असर कुछ कम हुआ है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान
खजुराहो (छतरपुर) – 43.2°C
नौगांव (छतरपुर) – 43.0°C
टीकमगढ़ – 41.7°C
ग्वालियर – 41.6°C
मंडला – 41.5°C