मध्यप्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कई जिलों में तेज धूप और उमस के कारण गर्मी का असर और बढ़ेगा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में आंधी-बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा का अलर्ट जारी किया है।
कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। अनुमान है कि मानसून 15 जून तक मध्यप्रदेश में दस्तक दे सकता है।
इन जिलों में अगले 48 घंटे अलर्ट
नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है।
सिस्टम एक्टिव, नमी बढ़ी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और मध्य भारत के ऊपर बने सक्रिय मौसम तंत्र और ट्रफ लाइन के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है। इसी वजह से प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है और कई क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की जा रही है।
पूर्वी और दक्षिणी MP में पहले पहुंचेगा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून सबसे पहले मध्यप्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में पहुंचेगा।
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में बारिश
पिछले 24 घंटों में भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर और शहडोल संभाग के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं कुछ जिलों में मौसम सूखा रहा और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
मंडला सबसे गर्म, पचमढ़ी सबसे ठंडा
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस मंडला में दर्ज किया गया। छिंदवाड़ा में 42.1 डिग्री, खजुराहो में 42 डिग्री और दमोह में 41.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।