कैबिनेट बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कर्मचारियों और अधिकारियों के तबादलों की प्रक्रिया हर हाल में तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि तबादलों की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित है और इसे किसी भी स्थिति में आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। इसलिए सभी मंत्री अपने-अपने विभागों में समय रहते तबादला प्रक्रिया पूर्ण कराएं।
तय समय में पूरी करें तबादलों की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने बैठक में यह भी कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने जा रही है। इसके लिए सभी विभागों को अभी से युवाओं पर केंद्रित विशेष योजनाएं तैयार करनी होंगी, जिन पर अगले वर्ष जनवरी से काम शुरू किया जाएगा।
उर्वरक आपूर्ति को लेकर दिए अहम निर्देश
कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री ने संभावित कमजोर मानसून और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए खाद (उर्वरक) आपूर्ति को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे तनाव और मौसम की अनिश्चितता के कारण उर्वरक आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
इसे ध्यान में रखते हुए सीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में उर्वरक आपूर्ति के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। साथ ही किसानों की सुविधा के लिए एक मोबाइल हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाए, ताकि उन्हें समय पर आवश्यक सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों और युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।