मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सिमुलेटरी स्पेस सेंटर की स्थापना की जाएगी। इस केंद्र का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि सेंटर के प्रभावी संचालन के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा मध्यप्रदेश काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (मैपकास्ट) का सहयोग लिया जाएगा।
वक्फ संपत्तियों की प्रविष्टियों में मध्यप्रदेश देश में अव्वल
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के 'उम्मीद पोर्टल' पर वक्फ संपत्तियों की प्रविष्टियों के मामले में मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश की सभी वक्फ संपत्तियों का पंजीयन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही वक्फ संपत्तियों से जुड़े भूमि विवादों की नियमित निगरानी कर उनका सकारात्मक और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग को मिलेगा आर्थिक सहयोग
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग के हितग्राहियों को बैंक ऋण और सब्सिडी उपलब्ध कराने में भी सरकार सहयोग करेगी, जिससे उन्हें स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के बेहतर अवसर मिल सकें।
शौर्य संकल्प योजना से युवाओं को मिल रहे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग के 12वीं उत्तीर्ण युवाओं को सैन्य बल, पुलिस, होमगार्ड, सुरक्षा बलों और निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह योजना प्रदेश के 20 जिलों में संचालित हो रही है और इसमें लगभग 4 हजार युवा भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 30 जून को होगा।
दिल्ली छात्र गृह योजना में बड़ा बदलाव
सरकार ने दिल्ली छात्र गृह योजना में महत्वपूर्ण संशोधन करते हुए शिष्यवृत्ति राशि को 1,550 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दिया है। इसके साथ ही योजना के लाभार्थियों की संख्या भी 50 से बढ़ाकर 300 प्रतिवर्ष कर दी गई है।
ओबीसी छात्रावासों में शुरू होगी मेस सुविधा
पहली बार पिछड़ा वर्ग के छात्रावासों में विभागीय स्तर पर मेस सुविधा शुरू की जा रही है। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग के 31 कन्या छात्रावासों को आदर्श छात्रावास के रूप में विकसित किया गया है।
सरदार पटेल कोचिंग योजना से मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी
सरदार पटेल कोचिंग प्रशिक्षण योजना के तहत 4,500 युवाओं को संभाग स्तर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी। यह कोचिंग कार्यक्रम जुलाई-अगस्त 2026 से शुरू होने की संभावना है।