भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी अपने विधायकों की बाड़ेबंदी करने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस विधायकों को तेलंगाना या कर्नाटक भेजा जा सकता है।
दूसरे राज्यों में शिफ्ट किए जाएंगे विधायक
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अपने विधायकों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें अन्य राज्यों में शिफ्ट करने की योजना बना रही है। बताया जा रहा है कि तेलंगाना और कर्नाटक को इसलिए चुना गया है क्योंकि दोनों राज्यों में कांग्रेस की सरकार है।कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन तेलंगाना की प्रभारी भी हैं, ऐसे में यह रणनीति उनके नेतृत्व से भी जुड़ी मानी जा रही है।
राज्यसभा नामांकन का आज अंतिम दिन
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून है। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन आज अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इसके लिए वे सुबह 11 बजे पार्टी नेताओं के साथ कांग्रेस कार्यालय से विधानसभा के लिए रवाना होंगी।
भाजपा प्रत्याशी महेश केवट भी करेंगे नामांकन
इसी बीच भाजपा के तीसरे उम्मीदवार महेश केवट भी आज दोपहर 12:30 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहेंगे।महेश केवट मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष हैं और हाल ही में भाजपा ने उन्हें तीसरी राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किया है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर बढ़ी सियासी गर्मी
तीसरी सीट पर भाजपा के उम्मीदवार उतारने और कांग्रेस की बाड़ेबंदी की तैयारी के बीच राज्यसभा चुनाव को लेकर मध्यप्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।