भोपाल। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) द्वारा आयोजित वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी एवं सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान रविवार को राजधानी भोपाल के मित्तल कॉलेज परीक्षा केंद्र पर भारी हंगामा देखने को मिला। दूसरी पाली की परीक्षा तकनीकी खराबी के कारण शुरू नहीं हो सकी, जिसके बाद नाराज अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया और परीक्षा प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। हालात बिगड़ने पर पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।
सर्वर फेल होने से परीक्षा प्रभावित
जानकारी के अनुसार, यह भर्ती परीक्षा 4 जून से 19 जून 2026 तक आयोजित की जा रही है। रविवार को दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक दूसरी पाली की परीक्षा निर्धारित थी, लेकिन सर्वर क्रैश होने की वजह से परीक्षा शुरू नहीं हो सकी। अभ्यर्थियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि लगातार तकनीकी समस्या दूर करने का आश्वासन दिया जाता रहा।बाद में अधिकारियों ने परीक्षा स्थगित होने की जानकारी दी।
परीक्षा केंद्र पर भड़के अभ्यर्थी, किया प्रदर्शन
परीक्षा रद्द होने से नाराज अभ्यर्थियों ने केंद्र परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई और लंबे समय तक इंतजार कराया गया। विरोध बढ़ने पर कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस को बुलाया और अभ्यर्थियों को परिसर से बाहर किया गया।
दूर-दराज से आए छात्रों की नाराजगी
कई अभ्यर्थियों ने कहा कि वे प्रदेश के अलग-अलग जिलों और दूरदराज क्षेत्रों से परीक्षा देने भोपाल पहुंचे थे, लेकिन परीक्षा रद्द होने से उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो गया। छात्रों ने सुविधाओं की कमी और अव्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई।
परीक्षा 20 जून को फिर से होगी
हंगामे के बाद MPESB ने आधिकारिक सूचना जारी करते हुए बताया कि तकनीकी कारणों से 7 जून की दूसरी पाली की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। अब यह परीक्षा 20 जून 2026 को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक प्रथम पाली में आयोजित की जाएगी। नए प्रवेश पत्र जल्द ही जारी किए जाएंगे।
जवाबदेही तय करने की मांग
अभ्यर्थियों ने मांग की है कि तकनीकी खराबी के लिए जिम्मेदार एजेंसी और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने और भर्ती परीक्षाएं सुचारू रूप से आयोजित की जा सकें।