मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत मध्यप्रदेश की सवा करोड़ से अधिक महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योजना की अगली किस्त जारी करने की तारीख की घोषणा कर दी है। उज्जैन जिले के नागदा में आयोजित उज्जैन–जावरा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि 12 जुलाई को लाड़ली बहनों के खातों में ₹1500 की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
12 जुलाई को जारी होगी जुलाई महीने की 38वीं किस्त
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि 12 जुलाई को सिंगल क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की जुलाई माह की 38वीं किस्त जारी की जाएगी। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या भ्रामक बातों पर विश्वास न करें, क्योंकि राज्य सरकार योजना को पूरी प्रतिबद्धता के साथ संचालित कर रही है।
भिंड के मेहगांव से करेंगे राशि हस्तांतरित
मुख्यमंत्री 12 जुलाई को भिंड जिले की मेहगांव तहसील में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहीं से वे प्रदेश की करीब सवा करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में ₹1500 की राशि ऑनलाइन हस्तांतरित करेंगे। इससे पहले 14 जून को सागर जिले के केसली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 37वीं किस्त जारी की गई थी।
हर महीने ₹1500 देने का वादा निभा रही सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना की शुरुआत ₹1000 मासिक सहायता से हुई थी, जिसे अब बढ़ाकर ₹1500 प्रति माह कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने वादों पर कायम है और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।