नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश में लोकायुक्त ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में वन विभाग के एक अधिकारी के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पदस्थ एसडीओ संजीव शर्मा के पचमढ़ी स्थित सरकारी आवास और छिंदवाड़ा स्थित निजी निवास पर शनिवार सुबह लोकायुक्त की टीम ने छापा मारा। शुरुआती जांच में करीब 7 करोड़ 60 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति का पता चला है। यह संपत्ति उनकी ज्ञात वैध आय से लगभग 560 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। तलाशी के दौरान करीब 3 करोड़ रुपये का सोना, 26 लाख रुपये नकद, डेढ़ किलो से ज्यादा चांदी और जमीन से जुड़े 28 दस्तावेज मिले हैं।
SDO संजीव शर्मा के ठिकानों पर लोकायुक्त की छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पदस्थ एसडीओ संजीव शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत लोकायुक्त को मिली थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उन्होंने अपनी सेवा अवधि के दौरान भ्रष्टाचार के जरिए ज्ञात आय से अधिक संपत्ति जुटाई है।इसके बाद नर्मदापुरम की विशेष अदालत से सर्च वारंट जारी कराया गया। शनिवार सुबह लोकायुक्त की अलग-अलग टीमों ने पचमढ़ी स्थित सरकारी आवास और छिंदवाड़ा स्थित निजी निवास पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। शुरुआती जांच में लगभग 7.60 करोड़ रुपये की संपत्ति सामने आई है।
3 करोड़ का सोना, 26 लाख कैश और डेढ़ किलो चांदी मिली
लोकायुक्त की तलाशी के दौरान एसडीओ के ठिकानों से बड़ी मात्रा में सोना और नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 3 करोड़ रुपये का सोना और 26 लाख रुपये नकद मिले हैं। इसके अलावा डेढ़ किलो से अधिक चांदी भी बरामद की गई है। जांच टीम को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी मदद से संपत्ति के स्रोत और खरीद से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।
होटल और रिसॉर्ट में भी निवेश के दस्तावेज मिले
जांच के दौरान पचमढ़ी स्थित सरकारी आवास से होटल और रिसॉर्ट से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। इनमें मटकुली स्थित इकोटेल होटल एंड रिसॉर्ट के दस्तावेज शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, इस संपत्ति को साल 2016-17 में खरीदा गया था और इसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पचमढ़ी के सेरेनिटी द विला होटल से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि इस होटल को साल 2014 में खरीदा गया था और इसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये है।
जमीन खरीदने के 28 दस्तावेज भी बरामद
लोकायुक्त की टीम को तलाशी के दौरान जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े 28 दस्तावेज भी मिले हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर खरीदी गई जमीन और उसके वास्तविक मूल्य की जांच की जा रही है। इसके अलावा घर से कार, बाइक और ई-बाइक भी मिली हैं। खास बात यह है कि इन वाहनों के नंबर एक समान 3773 बताए जा रहे हैं। जांच टीम इन संपत्तियों और वाहनों से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही है।
560 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिलने का दावा, जांच जारी
लोकायुक्त की शुरुआती जांच में सामने आई करीब 7.60 करोड़ रुपये की संपत्ति एसडीओ संजीव शर्मा की ज्ञात वैध आय से लगभग 560 प्रतिशत अधिक बताई गई है। फिलहाल यह प्रारंभिक आकलन है। संपत्तियों के मूल्यांकन, दस्तावेजों और आय के स्रोतों की विस्तृत जांच की जानी बाकी है। लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद वन विभाग के अधिकारी की संपत्ति को लेकर मामला चर्चा में है। जांच पूरी होने और आधिकारिक निष्कर्ष सामने आने के बाद ही संपत्ति के वास्तविक स्रोत और अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।