भोपाल। मध्यप्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को एक बार फिर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां दोबारा तेज हो सकती हैं।
11 जून तक कमजोर रहेंगी प्री-मानसून गतिविधियां
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति के कारण 11 जून तक प्री-मानसून गतिविधियों में कमी बनी रहेगी। 12 जून के बाद प्रदेश में मौसम फिर करवट लेगा और कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू हो सकता है।हालांकि वातावरण में नमी बनी हुई है, जिसके चलते शाम और रात के समय कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना बनी रहेगी।
मंडला सबसे गर्म, छिंदवाड़ा में तापमान में बड़ा उछाल
पूर्वी मध्यप्रदेश के जिलों में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री से 42.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मंडला प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
वहीं छिंदवाड़ा में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 3.8 डिग्री अधिक रहा। जबलपुर में दिन और रात के दौरान कुल 1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
कई जिलों में चली तेज धूलभरी आंधी
रायसेन, सागर, दमोह, विदिशा और नर्मदापुरम में गरज-चमक के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चली। वहीं दतिया, ग्वालियर, शिवपुरी और गुना में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं दर्ज की गईं।
पश्चिमी मध्यप्रदेश में कैसा रहा मौसम
पश्चिमी मध्यप्रदेश में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री से 41.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री से 29.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। तापमान में औसतन 1.5 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
भोपाल 38.7°C 25.8°C
इंदौर 38.6°C 26.0°C
ग्वालियर 41.6°C 29.7°C
जबलपुर 40.4°C 29.0°C
12 जून से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 जून के बाद प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां दोबारा सक्रिय होंगी। कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना बन सकती है। ऐसे में लोगों को अगले कुछ दिनों तक बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी गई है।