भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। दो सीटों का गणित लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन अब तीसरी सीट को लेकर भी भाजपा सक्रिय हो गई है। दिल्ली से मिली हरी झंडी के बाद मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) में हुई अहम बैठक में तीसरा उम्मीदवार उतारने का फैसला लिया गया है। जल्द ही पार्टी नाम की घोषणा कर सकती है।
भाजपा की रणनीति पर मंथन तेज
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही भोपाल में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा के कई वरिष्ठ नेता राजधानी में डटे हुए हैं और लगातार केंद्रीय नेतृत्व के संपर्क में बने हुए हैं। पार्टी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।
कांग्रेस भी सतर्क, विधायकों पर नजर
भाजपा के तीसरा उम्मीदवार उतारने के फैसले के बाद कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया है कि पार्टी के सभी विधायक एकजुट हैं और राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन को पूरा समर्थन मिलेगा। कांग्रेस ने किसी भी तरह की क्रॉस वोटिंग या टूट-फूट की संभावना से इनकार किया है।
नेताओं के संपर्क में पार्टी नेतृत्व
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लगातार विधायकों के संपर्क में हैं। प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर बैठकों का दौर जारी है, ताकि चुनाव तक संगठन में पूरी एकजुटता बनी रहे और किसी भी तरह की राजनीतिक अटकलों को रोका जा सके।
नामांकन से पहले बढ़ी सियासी गर्मी
सोमवार को नामांकन की अंतिम तिथि से पहले राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। दोनों प्रमुख दलों की रणनीति और बैठकों ने प्रदेश की राजनीति में माहौल को पूरी तरह गर्म कर दिया है।