भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्यसभा की तीसरी सीट पर भी अपना उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। पार्टी ने देर रात मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। महेश केवट निवाड़ी जिले के निवासी हैं।
भाजपा ने ओबीसी वर्ग पर खेला दांव
महेश केवट को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद यह साफ हो गया है कि अब राज्यसभा की तीसरी सीट पर मुकाबला होगा और निर्विरोध निर्वाचन की संभावना खत्म हो गई है। बताया जा रहा है कि पार्टी ने सामाजिक समीकरण साधते हुए ओबीसी वर्ग और मछुआ समाज को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया है।
सीएम हाउस में देर रात तक चली बैठक
राज्यसभा चुनाव को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा की अहम बैठक देर रात तक चली। इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन मंत्री अजय जामवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित वरिष्ठ नेता शामिल रहे। बैठक में सर्वसम्मति से उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया गया।नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय है।
कांग्रेस का दावा—हम जीतेंगे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया है कि पार्टी का उम्मीदवार भारी बहुमत से जीतेगा।
राज्यसभा चुनाव में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
तीसरी सीट पर भाजपा के उम्मीदवार उतारने के बाद राज्यसभा चुनाव में मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब दोनों दलों की रणनीति और बैठकों ने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गर्म कर दिया है।