भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में रविवार का दिन खास रहा। भारतीय जनता पार्टी के तीसरे राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा तीनों सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए संकल्पित है और महेश केवट का चयन पार्टी की सभी वर्गों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
नामांकन से पहले पार्टी कार्यालय में किया माल्यार्पण
नामांकन दाखिल करने से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद पार्टी नेताओं के साथ विधानसभा पहुंचकर महेश केवट का नामांकन दाखिल कराया।
सीएम बोले- तीनों सीटों पर जीत तय
नामांकन के बाद मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने राज्यसभा चुनाव के लिए तीसरे उम्मीदवार के रूप में महेश केवट का चयन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी तीनों सीटों पर जीत हासिल करेगी।
संघ और भाजपा में निभा चुके हैं कई जिम्मेदारियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि महेश केवट बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थी परिषद और भाजपा युवा मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभाई है तथा संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है।
'निषाद राज की परंपरा को मिला भगवान राम का आशीर्वाद'
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि भगवान राम का आशीर्वाद एक बार फिर निषाद राज की परंपरा को आगे बढ़ाने वाले महेश केवट को मिला है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर काम कर रही है और समाज के हर वर्ग को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
'जो कहा, वो करके दिखाया'
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें पूरा करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि जिस वर्ग का लोकसभा और विधानसभा में प्रतिनिधित्व नहीं था, उस वर्ग के प्रतिनिधि को सीधे राज्यसभा में भेजने का अवसर देना पार्टी की समावेशी सोच और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।