मध्यप्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, जिसके चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
फिलहाल सागर और रीवा संभाग के कुछ जिलों में बादल छाए रहने और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है, लेकिन व्यापक या भारी बारिश की संभावना नहीं है।
औसत से 1% अधिक बारिश, पूर्वी मप्र में अब भी कमी
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से अब तक मध्यप्रदेश में सामान्य से 1 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। पश्चिमी मध्यप्रदेश में औसत से 15 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है, जबकि पूर्वी मध्यप्रदेश में अब भी 14 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। बारिश की कमी से किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
प्रदेशभर में मौसम शुष्क, तापमान में बढ़ोतरी
पिछले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई, जिससे मौसम शुष्क बना रहा। इसी अवधि में अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इक्का-दुक्का स्थानों को छोड़कर प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां लगभग थम गई हैं।
जानें अगले चार दिन का मौसम
13 जुलाई 2026 सुबह 8:30 बजे से 14 जुलाई 2026 सुबह 8:30 बजे तक
धार, अलीराजपुर, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, बड़वानी, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, सीधी, सिंगरौली, मैहर, मऊगंज, रीवा और सतना में गरज-चमक के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
14 जुलाई 2026 सुबह 8:30 बजे से 15 जुलाई 2026 सुबह 8:30 बजे तक
खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, जबलपुर, शहडोल, कटनी, मैहर, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज और रीवा जिलों में गरज-चमक के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।