भोपाल: मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली। दोपहर करीब तीन बजे जबलपुर और सीहोर में बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने प्रदेश के 35 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं मानसून की रफ्तार को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार मध्य प्रदेश में मानसून 20 जून से पहले दस्तक दे सकता है।
35 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम केंद्र के मुताबिक भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, मंडला, बालाघाट, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
20 जून से पहले मानसून की एंट्री के संकेत
देश में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। केरल के रास्ते प्रवेश करने के बाद मानसून कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा तक पहुंच चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यदि इसकी रफ्तार इसी तरह बनी रही तो मध्य प्रदेश में मानसून निर्धारित समय से पहले पहुंच सकता है। फिलहाल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।
बारिश के साथ बढ़ी गर्मी, कई जिलों में हीटवेव का खतरा
एक तरफ जहां कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने 9 और 10 जून को प्रदेश के उत्तरी जिलों में हीटवेव की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को दोहरी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून पूर्व मौसम में ऐसे उतार-चढ़ाव सामान्य हैं।
नौगांव सबसे गर्म, कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार
शनिवार को नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सागर में 41.5 डिग्री, दतिया में 41.4 डिग्री, खजुराहो और दमोह में 41 डिग्री, गुना में 40.6 डिग्री तथा खंडवा में 40.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रमुख शहरों में ग्वालियर का तापमान 40.4 डिग्री, जबलपुर 40.1 डिग्री, भोपाल 38.8 डिग्री, उज्जैन 38 डिग्री और इंदौर 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा।