नर्मदापुरम:मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के केसला ब्लॉक में सोमवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे ग्रामीणों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार रात करीब 9:39 बजे 3.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। झटके महसूस होते ही कई लोग सतर्क हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
केसला ब्लॉक के कई गांवों में महसूस हुआ कंपन
भूकंप का असर केसला ब्लॉक के ग्राम चिचवानी, छीतापुरा और आसपास के क्षेत्रों में महसूस किया गया। अचानक धरती में हल्का कंपन महसूस होने पर ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोगों ने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों का रुख किया। स्थानीय लोगों के मुताबिक झटके कुछ सेकंड तक महसूस हुए, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।
रात 9:39 बजे दर्ज हुई 3.8 तीव्रता
मौसम केंद्र भोपाल और राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.8 मापी गई। इसका केंद्र बिंदु 22.367° उत्तरी अक्षांश और 77.688° पूर्वी देशांतर पर स्थित था। भूकंप की गहराई जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई, जिसके कारण आसपास के इलाकों में कंपन महसूस हुआ।
छत पर सो रहे जनपद सदस्य ने बताया अनुभव
ग्राम चिचवानी से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित छीतापुरा के जनपद पंचायत सदस्य ने बताया कि वह रात के समय छत पर सो रहे थे। अचानक कुछ क्षणों के लिए तेज कंपन महसूस हुआ और ऐसा लगा मानो पूरा घर हिल रहा हो। हालांकि झटके बहुत देर तक नहीं रहे और किसी तरह का नुकसान भी नहीं हुआ।
हल्की श्रेणी का भूकंप, नुकसान की खबर नहीं
विशेषज्ञों के अनुसार 3.8 तीव्रता का भूकंप हल्की श्रेणी में माना जाता है। ऐसे भूकंपों में आमतौर पर बड़े नुकसान की संभावना कम होती है, लेकिन झटके स्पष्ट रूप से महसूस किए जा सकते हैं। प्रशासन ने भी फिलहाल किसी तरह की क्षति की पुष्टि नहीं की है।
प्रशासन ने मांगी रिपोर्ट
एसडीएम निलेश शर्मा ने बताया कि भूकंप की जानकारी प्राप्त हुई है और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। अब तक किसी गांव से नुकसान या घायल होने की सूचना नहीं मिली है।