भोपाल - मध्य प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान राज्यसभा उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
मैं हमारे नेतृत्व का आभारी हूँ
मध्य प्रदेश से भाजपा राज्यसभा उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल ने कहा कि, मैं हमारे नेतृत्व का आभारी हूँ। सरकार केंद्र में लगातार तीसरी बार, अलग-अलग राज्यों में सरकार, सेवा का ही संस्कार, विकास और विकसित भारत का प्रधानमंत्री मोदी का सपना साकार करने के लिए कार्यकर्ता तत्पर रहता है। प्रधानंमत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सभी का मैं धन्यवाद करता हूँ।
मैं राष्ट्रीय और मध्य प्रदेश के नेतृत्व का धन्यवाद करता हूं
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा उम्मीदवार तरुण चुघ ने मीडिया से कहा कि, यह पार्टी का आदेश है और हम कार्यकर्ता के रूप में उसे पूरा कर रहे हैं। मैं राष्ट्रीय नेतृत्व और मध्य प्रदेश के नेतृत्व का भी धन्यवाद करता हूं जिन्होंने भरपूर आशीर्वाद दिया है।
रजनीश-तरुण ने जमीनी स्तर पर काम किया
मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि, केंद्रीय नेतृत्व ने दो ऐसे नेता, कार्यकर्ताओं का चयन किया है जिन्होंने पूरे देश में ज़मीनी स्तर पर काम किया है। यह भाजपा है, जिसने रजनीश अग्रवाल जैसे कार्यकर्ता को राज्यसभा भेजकर सामान्य कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है। केंद्रीय नेतृत्व को मैं धन्यवाद देता हूँ।
तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल दोनों को बधाई
मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि, मैं अपने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभारी हूँ कि उन्होंने हमारे दोनों मित्रों जिनका लंबा संगठनात्मक अनुभव है, राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल दोनों को बधाई। उनका संगठनात्मक अनुभव हमें राज्यसभा में देखने को मिलेगा। आज उनका नामांकन है, उन्हें बहुत बधाई।