रीवा। रीवा जिले के गुढ़ में शनिवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी जिस बस से पहुंचे, जांच के बाद उसी बस पर परिवहन विभाग ने कार्रवाई कर दी। सफर के दौरान बस से तेज आवाज आने और चलते समय हिलने की बात सामने आई थी। इसे देखते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही बस की जांच के निर्देश दिए।
सफर के दौरान आई तकनीकी खामी
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी समेत अन्य अधिकारी इसी बस से कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। रास्ते में बस से तेज आवाज आने और उसके चलने के दौरान हिलने की शिकायत सामने आई। बस की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इसकी जांच कराने के निर्देश दिए।
RTO की टीम ने की जांच
निर्देश के बाद क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) की टीम ने बस की स्थिति और दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने के बाद परिवहन विभाग ने बस के खिलाफ कार्रवाई की।
बस सीज, फिटनेस प्रमाण-पत्र भी निरस्त
जांच के बाद RTO की टीम ने बस को सीज कर दिया। साथ ही परिवहन विभाग ने उसका फिटनेस प्रमाण-पत्र निरस्त करने की कार्रवाई भी की।